कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में देर रात सड़क पर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। यातायात थाना में पदस्थ एक सहायक उप निरीक्षक (ASI) के पुत्र पर अज्ञात बोलेरो चालक द्वारा गाड़ी चढ़ाने का आरोप लगा है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, सिविल लाइन निवासी चंद्रमणी रात्रे उर्फ दादू अपने दोस्तों शुभम सिंह बघेल, साहिल निर्मलकर और अरविंद राठौर के साथ मानिकपुर बाईपास मार्ग पर मौजूद था। इसी दौरान एक सफेद बोलेरो वहां पहुंची और साइड देने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर बोलेरो सवार युवकों ने चंद्रमणी रात्रे पर वाहन चढ़ा दिया और मौके से फरार हो गए। इसके बाद साहिल निर्मलकर और अरविंद राठौर आरोपियों का पीछा करते हुए बल्गी क्षेत्र तक पहुंच गए।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि वहां आरोपियों के अन्य साथी भी पहुंच गए और अरविंद राठौर को जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। उसके साथ मारपीट की गई और उसे अधमरी हालत में छोड़ दिया गया। घायल युवक ने हमलावरों पर लूटपाट और फायरिंग के भी आरोप लगाए हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है।


