रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री भाजपा नेताओं को “ताश के पत्तों की तरह फेंटते हैं” और दूसरों को उपदेश देते हैं।
भूपेश बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री को सबसे पहले देश की जनता को पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, महंगाई, खाद-बीज की उपलब्धता और किसानों की समस्याओं पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि महंगाई की मार से पूरा देश परेशान है।
उन्होंने शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि NEET और CBSE परीक्षाओं में लगातार गड़बड़ियां सामने आ रही हैं, जिससे छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उनके अनुसार देश कई मोर्चों पर गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है।
इस बीच अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने झारखंड में 18 जून को होने वाले राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव के लिए भूपेश बघेल और अजय शर्मा को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मंजूरी के बाद यह फैसला लिया गया।
कांग्रेस ने आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए कई राज्यों में अपने उम्मीदवारों की घोषणा भी कर दी है। पार्टी चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है।



