छत्तीसगढ़

उप सरपंच और छात्र की मौत से दहशत, मैनपाट में पीलिया पर हाई अलर्ट..

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के मैनपाट क्षेत्र में पीलिया (जॉन्डिस) का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। बीते एक महीने के भीतर उप सरपंच, एक छात्र और दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौत की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया है। वहीं एक दर्जन से अधिक लोग बीमारी से पीड़ित हैं, जिनका इलाज स्थानीय अस्पतालों और अंबिकापुर के निजी अस्पतालों में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, मैनपाट के नर्मदापुर, कुनिया और आसपास के गांवों में पिछले एक माह से पीलिया के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। मृतकों में कुनिया के पूर्व उप सरपंच जितेंद्र यादव, नर्मदापुर की भाग्यवती यादव, बैगहवा गांव की एक युवती और बरिमा गांव के कक्षा 9वीं के छात्र विकास यादव शामिल बताए जा रहे हैं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित गांवों में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए हैं। सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक डॉ. अनिल कुमार शुक्ला ने बताया कि मेडिकल टीम मरीजों की जांच और उपचार के साथ-साथ बीमारी के कारणों की भी जांच कर रही है। पानी के नमूनों की जांच कराई जा रही है और ग्रामीणों को उबला हुआ पानी पीने, स्वच्छता बनाए रखने तथा गर्म भोजन करने की सलाह दी गई है।

फिलहाल स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन बीमारी के वास्तविक कारणों की जांच जारी है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और किसी भी लक्षण की स्थिति में तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने की अपील की है।

Leave a Reply

Back to top button