रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। धर्मजयगढ़ के राजीव गांधी चौक स्थित पेट्रोल पंप पर हवा भरवाने पहुंची एक बजाज RS-200 बाइक में अचानक आग लग गई। कुछ ही पलों में बाइक आग की लपटों से घिर गई और पूरे पेट्रोल पंप परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक चालक अपनी मोटरसाइकिल में हवा भरवा रहा था। इसी दौरान बाइक से धुआं निकलना शुरू हुआ। वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बाइक में आग भड़क उठी। पेट्रोल पंप जैसे संवेदनशील स्थान पर आग लगने से मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने बिना समय गंवाए फायर सेफ्टी उपकरणों का इस्तेमाल शुरू कर दिया। कर्मचारियों की तत्परता और सूझबूझ के चलते आग को समय रहते काबू में कर लिया गया। यदि आग पेट्रोल डिस्पेंसिंग यूनिट या अन्य ज्वलनशील हिस्सों तक पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। आग की इस घटना में बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। वहीं आग से बाइक के पूरी तरह नष्ट हो जाने से वाहन मालिक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
स्थानीय लोगों ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सतर्कता की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा स्थिति बेहद भयावह हो सकती थी।



