रायपुर। राजधानी रायपुर के खरोरा क्षेत्र में हुए चर्चित महावीर ज्वेलर्स लूटकांड का मामला अब भी पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। घटना के एक महीने बाद भी पुलिस लुटेरों तक नहीं पहुंच सकी है। इस बीच वारदात से जुड़े CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामले ने फिर तूल पकड़ लिया है।
जानकारी के अनुसार, 5 मई की देर शाम महावीर ज्वेलर्स के मुंशी टीकाराम शर्मा नरदहा स्थित दुकान से खरोरा लौट रहे थे। इसी दौरान तिल्दाडीह पंप के पास अज्ञात बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। लुटेरों ने उनके सिर पर वार किया और करीब 1 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के सोना-चांदी के जेवरात तथा नकदी लूटकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि लूटे गए सामान में लगभग 12 से 13 किलोग्राम चांदी, 400 से 450 ग्राम सोना और करीब 4 लाख रुपये नकद शामिल थे। टीकाराम शर्मा पिछले 15 वर्षों से महावीर ज्वेलर्स में मुंशी के रूप में कार्यरत हैं।
मामले की जांच में जुटी पुलिस ने घटनास्थल से एक बाइक और जेवरात रखने वाला डिब्बा बरामद किया है। अब तक 500 से अधिक लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। क्राइम ब्रांच और खरोरा थाना पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, वारदात पूरी तरह योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दी गई है। CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम का गठन किया गया है, जो संभावित भागने के रास्तों और संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल कर रही है।
खरोरा क्षेत्र में हुई इस बड़ी लूट के बाद स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में चिंता का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से जुड़ी कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।



