फरसगांव/केशकाल। कोंडागांव जिले के केशकाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से स्वास्थ्य व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर शैलेंद्र भोयर पर ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में रहने, मरीज का इलाज करने से इंकार करने और परिजनों से दुर्व्यवहार करने के आरोप लगे हैं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, मरीज के बेटे वसीम मेमन अपने बीमार पिता को इलाज के लिए केशकाल अस्पताल लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि डॉक्टर से इलाज का अनुरोध करने पर उन्होंने अभद्र व्यवहार किया और गुस्से में हाथ उठाने तक की कोशिश की। इसके बाद परिजनों ने स्थानीय पत्रकारों और अस्पताल प्रबंधन को मामले की जानकारी दी।
अस्पताल की स्टाफ नर्स कांति मंडावी ने भी दावा किया कि डॉक्टर भोयर अक्सर शराब के नशे में अस्पताल आते हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
केशकाल बीएमओ डॉ. डी.के. बिसेन ने कहा कि डॉक्टर के खिलाफ पहले भी नशे में ड्यूटी करने की शिकायतें मिल चुकी हैं और उन्हें नोटिस भी जारी किया गया था। ताजा घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
वायरल वीडियो और शिकायतों के बाद अब सभी की नजर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई पर टिकी हुई है।



