सरगुजा। सीतापुर क्षेत्र में नायब तहसीलदार के साथ मारपीट का मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के साथ मारपीट करने, कपड़े फाड़ने और सार्वजनिक रूप से अपमानित करने का आरोप लगा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर विधायक समेत कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
जानकारी के मुताबिक, पूरा विवाद जमीन से जुड़े एक मामले को लेकर शुरू हुआ। विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन सीमा धनकी ने अपनी जमीन संबंधी फाइल राजापुर उप तहसील कार्यालय में जमा की थी। आरोप है कि काम में देरी और कथित बदसलूकी से नाराज होकर उन्होंने विधायक को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद विधायक अपने समर्थकों के साथ उप तहसील कार्यालय पहुंचे, जहां विवाद बढ़ गया। नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी ने शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके साथ कार्यालय और सड़क पर मारपीट की गई, कपड़े फाड़ दिए गए और जमीन पर गिराकर थप्पड़ मारे गए।
नायब तहसीलदार की शिकायत पर पुलिस ने विधायक रामकुमार टोप्पो, यूसुफ, नाजिम राजा, पंकज गुप्ता सहित अन्य लोगों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न गैर जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
वहीं दूसरी ओर विधायक की बहन सीमा धनकी की शिकायत पर पुलिस ने नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के खिलाफ भी जातिगत गाली-गलौज, अभद्रता और धक्का-मुक्की करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है।
घटना के बाद छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने मामले की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। संघ ने चेतावनी दी है कि उचित कार्रवाई नहीं होने पर प्रशासनिक अधिकारी सामूहिक हड़ताल पर जा सकते हैं।



