बलौदाबाजार | मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बलौदाबाजार जिले के करहीबाजार में आयोजित समाधान शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य सरकार को गांव-गांव तक पहुंचाकर लोगों की समस्याओं का समाधान करना और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार सीधे गांवों में पहुंचकर यह जानने का प्रयास कर रही है कि लोगों को पानी, बिजली, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाएं समय पर मिल रही हैं या नहीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को प्राथमिकता के साथ पूरा कर रही है। किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और दो साल का बकाया बोनस दिया गया है। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लाखों महिलाओं के खातों में करोड़ों रुपये की राशि अंतरित की जा चुकी है, जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं।
मुख्यमंत्री ने “लखपति दीदी” अभियान और अटल डिजिटल सेवा केंद्रों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश की हजारों पंचायतों में डिजिटल सेवा केंद्रों के जरिए लोगों को गांव में ही जरूरी सेवाएं मिल रही हैं। साथ ही जल्द मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शुरू की जाएगी, जहां लोग टोल फ्री नंबर और ऑनलाइन माध्यम से अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे।



