कवर्धा। Kawardha जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र में डायल 112 वाहन की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने पुलिस टीम को घेरकर नाराजगी जताई।
जानकारी के मुताबिक, बिरकोना गांव स्थित शिव मंदिर में शिवलिंग से लिपटे नाग की चोरी का मामला सामने आया था। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर इसकी सूचना डायल 112 को दी। पुलिस आरोपी को वाहन में बैठाकर थाने ले जा रही थी।
इसी दौरान नेशनल हाईवे-30 रायपुर-जबलपुर मार्ग पर तेज रफ्तार डायल 112 वाहन ने एक बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस टीम के खिलाफ नाराजगी जाहिर करने लगे।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस वाहन तेज रफ्तार में चलाया जा रहा था, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। कुछ देर तक मौके पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



