रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेशभर में आयोजित “सुशासन तिहार 2026” आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। “गांव-गांव, द्वार-द्वार” पहुंच रही प्रशासनिक व्यवस्था के जरिए लोगों को उनके गांव के नजदीक ही समाधान उपलब्ध कराया जा रहा है।
इसी क्रम में जशपुर जिले के दुलदुला विकासखंड के ग्राम सिमड़ा में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित पक्के मकानों की चाबी और नए राशन कार्ड वितरित किए गए।
शिविर में 4 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाबी सौंपी गई। लाभान्वित हितग्राहियों में ग्राम सिमड़ा की जेरोम, मयूरचुंदी के बीरबल यादव, करडेगा के टूना राम तथा जगदीश यादव शामिल हैं। पक्के घर की चाबी पाकर हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने कहा कि अब उन्हें बारिश, धूप और अन्य कठिनाइयों से राहत मिलेगी तथा उनका सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जीने का सपना साकार हुआ है।
इसके साथ ही शिविर में 5 पात्र हितग्राहियों को नए राशन कार्ड भी प्रदान किए गए, जिससे उन्हें सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत खाद्यान्न प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी। लाभान्वित हितग्राहियों में ग्राम सिमड़ा की अनामिका टोप्पो, मयूरचुंदी की श्रीमती लीलावती गोंड तथा सेली खेस की गीता सिंह सहित अन्य हितग्राही शामिल हैं।
राशन कार्ड एवं आवास की चाबी प्राप्त होने पर हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। महिलाओं ने कहा कि सुशासन तिहार उनके लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रहा है, क्योंकि अब उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ते, बल्कि प्रशासन स्वयं गांव के नजदीक पहुंचकर त्वरित समाधान उपलब्ध करा रहा है।
सुशासन तिहार 2026 के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंच रहा है, जिससे लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।



