छत्तीसगढ़

राजधानी रायपुर में जीजा ने लाइसेंसी पिस्टल से सालियों पर चलाई गोली, 1 की मौत, दूसरी गंभीर..

रायपुर। मोवा-पंडरी इलाके में मंगलवार देर रात गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से दो सालियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल है।

मृतक युवती की पहचान गीतांजलि के रूप में हुई है, जिसे माथे पर गोली लगने से घटनास्थल पर ही दम तोड़ना पड़ा। वहीं दूसरी युवती दुर्गेश्वरी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

आरोपी जितेंद्र वर्मा का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर घर में मौजूद दोनों सालियों पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही दोनों युवतियां जमीन पर गिर पड़ीं, जिसके बाद परिजनों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

घटना की सूचना मिलते ही पंडरी थाना पुलिस और पुलिस कमिश्नरेट की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से लाइसेंसी पिस्टल भी जब्त कर ली है।

डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर ने बताया कि यह मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा है और पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Back to top button