गरियाबंद। जिले के देवभोग क्षेत्र में एक बार फिर भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। आज दोपहर करीब 2:20 बजे धरती हल्की कांपी, जिसके बाद लोग घरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों पर पहुंच गए। लगातार आ रहे झटकों से ग्रामीणों में चिंता बढ़ती जा रही है।
पिछले 36 घंटों में यह तीसरी बार है जब भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। इससे पहले बीती रात करीब 7:20 बजे भी धरती कांपी थी। एक दिन पहले आए झटकों की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 0.7 दर्ज की गई थी, जो हल्की श्रेणी में आती है। हालांकि अब तक किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन बार-बार हो रही इस गतिविधि ने लोगों को भयभीत कर दिया है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने व अफवाहों से बचने की अपील की गई है।
इसी बीच जिले में मौसम का मिजाज भी बदला हुआ है। देवभोग थाना क्षेत्र के मुरगुडा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक 13 वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान क्षीरसागर यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बालक घर के बाहर घूम रहा था, तभी अचानक मौसम खराब हुआ और तेज गर्जना के साथ बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन और ग्रामीण तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में लगातार बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ गई हैं। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने और सुरक्षित जगहों पर रहने की अपील की है।



