छत्तीसगढ़

CCTV में कैद वारदात: बातों में उलझाकर जेवर लेकर फरार हुईं 3 महिलाएं..

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के निहारिका क्षेत्र में एक सराफा दुकान में चौंकाने वाली चोरी की घटना सामने आई है। यहां तीन महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचीं और बातों में उलझाकर साढ़े चार लाख रुपये के सोने के जेवर लेकर फरार हो गईं। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के मुताबिक, सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत निहारिका में अविल कुमार देवांगन की “दिव्या ज्वेलर्स” नाम से दुकान है। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे तीन अज्ञात महिलाएं दुकान में ग्राहक बनकर पहुंचीं। उन्होंने पहले सोने के लाकेट और फिर चेन दिखाने को कहा।

स्टाफ जब आभूषण दिखा रहा था, उसी दौरान महिलाएं लगातार बातचीत कर उनका ध्यान भटकाती रहीं। मौका पाकर उन्होंने बड़ी सफाई से दो चेन और दो लाकेट गायब कर दिए।

कुछ देर बाद जब महिलाएं दुकान से निकल गईं, तब संचालक को शक हुआ। CCTV फुटेज देखने पर पूरी घटना सामने आई। चोरी किए गए आभूषणों का वजन करीब 28 ग्राम बताया जा रहा है, जिसकी कीमत लगभग साढ़े चार लाख रुपये है।

घटना के बाद ज्वेलर्स संचालक ने सिविल लाइन थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। साथ ही आसपास के इलाकों में भी जांच जारी है।

पुलिस ने सराफा कारोबारियों को सतर्क रहने और संदिग्ध ग्राहकों पर नजर रखने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Back to top button