छत्तीसगढ़

CG- शासन का बड़ा एक्शन, 7 करोड़ धान घोटाले मामले में DMO निलंबित..

रायपुर। एमडी राज्य सहकारी विपणन संघ ने एक आदेश जारी कर कबीरधाम के सहायक प्रबंधक जिला विपणन अधिकारी अभिषेक मिश्रा को निलंबित कर दिया है। जारी आदेश में एमडी ने आरोप लगाया है कि धान खरीदी के आंकड़े को लेकर मीडिया में बिना पुष्टि के गलत जानकारी दी है।

वर्ष 2026 की खरीदी प्रक्रिया से पहले जब भौतिक सत्यापन कराया गया, तब लगभग 26 हजार क्विंटल धान कम पाया गया। अभिषेक मिश्रा द्वारा धान की कमी का कारण मौसम, चूहे और दीमक को बताया गया, जिसकी चारों ओर तीखी आलोचना हुई। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 7 करोड़ रुपये आंकी गई, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। सरकार ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक धन और किसानों की उपज से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या गुमराह करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जांच के दौरान संग्रहण केंद्र प्रभारी प्रितेश पांडेय की भूमिका संदिग्ध पाई गई। साथ ही सीसीटीवी फुटेज से छेड़छाड़ के संकेत भी सामने आए, जिसके बाद उन्हें पहले ही निलंबित किया जा चुका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चस्तरीय जांच जारी है और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

जितेन्द्र शुक्ला, प्रबंध संचालक छ.ग. राज्य सह. विप. संघ मर्यादित ने अपने आदेश में लिखा है, अभिषेक मिश्रा, सहायक प्रबंधक, जिला विपणन अधिकारी कबीरधाम द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के धान संग्रहण केन्द्र में धान भंडारण एवं रखरखाव के संबंध में आपके द्वारा मीडिया के समक्ष तथ्यों का सम्यक रूप से बिना पुष्टि किये गलत जानकारी प्रस्तुत की गई है। जो विपणन संघ कर्मचारी सेवानियम की कंडिका 18 का उल्लंघन है। अभिषेक मिश्रा, सहायक प्रबंधक के उक्त कृत्य के कारण छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ, छत्तीसगढ़ शासन एवं जिला प्रशासन की छबि धुमिल हुई है।

Leave a Reply

Back to top button