रायपुर। विधानसभा शीतकालीन सत्र के चौथे दिन राज्य के प्रतिभावान राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि नहीं दिए जाने का मुद्दा गूंजेगा। वहीं सदन में वंदेमातरम् को लेकर भी चर्चा के साथ ही याचिकाओं की प्रस्तुति, शासकीय विधि विधेयक कार्य पर मंथन किया जायेगा। इसके अलावा अजय चंद्राकर प्रदेश में नशीली पदार्थों की तस्करी घटनाओं को लेकर डिप्टी सीएम शर्मा का ध्यान आकर्षित करेंगे।
उद्योग और पर्यावरण से जुड़े विषयों होगी बहस
उद्योग और पर्यावरण से जुड़े विषयों पर भी बहस तेज रहने की उम्मीद है। विपक्ष औद्योगिक निवेश, पर्यावरणीय मंजूरी और स्थानीय रोजगार को लेकर सवाल उठाएगा। वहीं सत्ता पक्ष राज्य में नए उद्योगों के आगमन, निवेश प्रस्तावों और पर्यावरण संतुलन के दावों के साथ जवाब देगा।
सत्र के चौथे दिन शून्यकाल में भी कई स्थानीय और जनहित के मुद्दे उठने की संभावना है। सत्ता और विपक्ष दोनों के तेवर सख्त रहने के संकेत हैं। ऐसे में आज सदन में जोरदार बहस और तकरार देखने को मिल सकती है।
तीसरे दिन 35,000 करोड़ का सप्लीमेंट्री बजट पेश
शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सदन में 35,000 करोड़ का सप्लीमेंट्री बजट पेश किया। वित्तीय वर्ष खत्म होने से ठीक तीन महीने पहले पेश किए गए इस बड़े सप्लीमेंट्री बजट पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस हुई।



