बलौदाबाजार। जिले में SDM और BLO की बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। यहां की एक हॉस्पिटल में जब टीम ने छापेमारी की तो 12वीं पास एक युवक बिना किसी डिग्री और मेडिकल रजिस्ट्रेशन के मरीजों का ऑपरेशन (12th Pass Kar Raha Tha Operation) करते मिला, जिसके बाद टीम ने अस्पताल को सिल कर दिया है।
तीन साल से बिना रजिस्ट्रेशन चल रहा था अस्पताल
जांच के दौरान सामने आया कि संस्कार हॉस्पिटल पिछले तीन साल से बिना रजिस्ट्रेशन के संचालित हो रहा था। यह न केवल नर्सिंग होम एक्ट का गंभीर उल्लंघन है, बल्कि मरीजों की जान जोखिम में डालने जैसा अपराध है। आश्चर्यजनक बात यह रही कि इतनी बड़ी लापरवाही के बावजूद अस्पताल में निर्बाध रूप से इलाज जारी था।
गर्भवती महिला की मौत के बाद आई कार्रवाई
बीते माह एक गर्भवती महिला की मौत के बाद इस अस्पताल पर सवाल उठने लगे थे। उसी मामले की प्रारंभिक जांच ने कई अनियमितताएं उजागर की थीं, जिसके आधार पर आज कई बड़ी कार्रवाई की गई।
न नियम, न डॉक्टर, न स्टाफ- फिर भी चल रहा था इलाज
छापेमारी में यह भी पाया गया कि अस्पताल में कोई योग्य डॉक्टर तैनात नहीं था, न रजिस्टर्ड नर्सिंग स्टाफ मौजूद था, और न ही आवश्यक मेडिकल सुविधाएँ और उपकरण उपलब्ध थे, इसके बावजूद यहां बड़े ऑपरेशन तक किए जा रहे थे साथ ही कई दस्तावेज भी अधूरे या फर्जी पाए गए।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
कटगी और आसपास के क्षेत्रों में इस खुलासे के बाद स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही उनके जीवन के लिए सीधा खतरा है।



