रायपुर। छत्तीसगढ़ में एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल आज 16वें दिन भी जारी है। उधर इस प्रदेशव्यापी हड़ताल का नेतृत्व कर रहे जिलाध्यक्षों को संयुक्त संचालक ने नोटिस जारी कर 24 घंटे का अंतिम अल्टीमेटर जारी कर दिया है। नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि इस अंतिम पत्र के जारी होने के 24 घंटे के भीतर अपने कार्यस्थल पर उपस्थित होना सुनिश्चित करें अन्यथा संविदा शर्तो के अनुरूप सेवा समाप्ति की कार्यवाही की जायेगी।
छत्तीसगढ़ में पिछले 15 दिनों से सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था बेपटरी हो रखा है। प्रदेश भर के 16 हजार राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा कर्मचारी पिछले 18 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर है। अपनी 10 सूत्रीय मांगो को लेकर जहां हड़ताली कर्मचारी आर-पार की लड़ाई का दावा कर रहे है। उधर स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाल स्थिति को देखते हुए सरकार ने भी सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। पिछले दिनों हड़ताली कर्मचारियों को नो वर्क-नो पे का नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद भी जब कर्मचारी काम पर वापस नही लौटे, तब अधिकारियों द्वारा काम पर नही लौटने पर वैधानिक कार्यवाही की चेतावनी दी गयी।



