रायपुर। विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने निर्देशित किया है कि अधिकारी विधानसभा के सवालों का जवाब, तय समय में सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ दें। विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने इसे लेकर संसदीय कार्यमंत्री को निर्देशित किया है। दरअसल पूरा मामला भारतमाला परियोजना में प्रभावितों को मुआवजा में गड़बड़ी से जुड़ा है।
भारतमाला परियोजना के मुआवजे से संबंधित सवाल आज पहले नंबर पर था, लेकिन इसका जवाब प्रश्नकाल के आधे घंटे पहले ही प्रश्नकर्ता नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत को उपलब्ध कराया गया। प्रश्नकाल जैसे ही शुरू हुआ, नेता प्रतिपक्ष डॉ चरण दास महंत ने व्यवस्था का प्रश्न उठाते हुए कहा कि, अध्यक्ष के निर्देश के बावजूद मुझे प्रश्न का उत्तर अभी आधे घंटे पहले मिला।
कई पन्नों में ये जवाब दिया गया है, इसे इतना देर में पढ़ा भी नहीं जा सकता, जबकि पिछले हफ्ते का ही प्रश्न था जिसे आज इस सवाल को पहले नंबर पर लिया जाना है। चरणदास महंत को पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक अजय चंद्राकर का भी साथ मिला। उन्होंने भी इसे व्यवस्था का प्रश्न बताते हुए अधिकारियों के इस कृत्य को गलत बताया।



