दुर्ग। पुलगांव स्थित उफनती शिवनाथ नदी में पिकअप वाहन गिरने से चार लोगों की मौत हो गई है। मंगलवार देर रात ढाबा से परिवार खाना खाकर लौट रहा था। तभी बैलेंस बिगड़ने से हादसा हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, रात एक बजे के करीब एक पिकअप वाहन राजनांदगांव से दुर्ग की तरफ आ रहा था। उसमें चार से अधिक लोग सवार थे। सभी ढाबे से खाना खाकर लौट रहे थे। अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ा और वो नदी में जा गिरा। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। आज तड़के से SDRF की टीम रेस्क्यू कर रही है। एसडीआरएफ ने वाहन को नदी से बाहर निकाल लिया है।
चालक की पहचान बोरसी क्षेत्र के सतरौद गांव (40) के रहने वाले ललित साहू के रूप में हुई है। गाड़ी में एक महिला और दो बच्चों के शव भी मिले हैं। जिनकी पहचान नहीं हो पाई है। ललित के पिता के अनुसार उसकी पत्नी और दो बच्चे उसके घर पर हैं। ये बच्चे और महिला कौन हैं वो नहीं जानते। पुलिस ने चारों शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।



