रायगढ़: आरक्षक महेंद्र कुमार सिदार ने आरक्षक से डिप्टी कलेक्टर बने। महेंद्र कुमार को रायगढ़ पुलिस ने ढेर सारी बधाई दी।
11 मई को छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासनिक सेवा 2021 का परिणाम घोषित किया गया है जिसमें जिला पुलिस बल रायगढ़ में आरक्षक के पद पर कार्यरत महेंद्र कुमार सिदार का चयन डिप्टी कलेक्टर के पद पर हुआ। रायगढ़ पुलिस को जैसे ही इसकी खबर हुई तो उन्हें पुलिस कार्यालय में बुलाकर एडिशनल एसपी संजय महादेवा द्वारा उनकी बड़ी सफलता पर पुष्प गुच्छ भेंट कर मिठाई खिलाते हुये बधाई व शुभकामनाएं दी। इस दौरान थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक प्रशांत राव आहेर तथा कार्यालयीन स्टाफ मौजूद रहे।
आरक्षक रहते हुए वर्ष 2018 में बीएससी स्नातक परीक्षा उत्तीर्ण किए जिसके बाद से वे राज्य प्रशासनिक सेवा की तैयारियों में जुट गए। उनके छोटे भाई आलेख राम सिदार वर्ष 2014 में PSC परीक्षा क्लियर कर वर्तमान में जिला कोण्डागांव में सहायक आयुक्त(आबकारी) के पद पर पदस्थ हैं जो उनके प्रेरणा स्त्रोत और मार्गदर्शक हैं जिनसे प्रेरणा लेकर महेंद्र सेल्फ स्टडी कर अपने चौथे प्रयास में सफल हुये हैं। इसके पहले लगातार तीन प्रयासों में महेंद्र प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण नहीं कर पाये पर वे अपनी तैयारियों में लगे रहे और वर्ष 2021 पीएससी परीक्षा में प्रारंभिक, मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण किये। उन्हें आशा थी कि उनका चयन इस बार अवश्य होगा और वे ओव्हर ऑल 139 रैंक के साथ अपने वर्ग में 5वां स्थान लाने में सफल रहे और इनका डिप्टी कलेक्टर के पद पर चयन हुआ है।