कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में इंस्टाग्राम स्टोरी को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। कोतवाली थाना क्षेत्र के रामसागर पारा में रविवार देर रात 22 वर्षीय डीजे ऑपरेटर रवि यादव की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस हमले में उसका एक दोस्त भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, रवि यादव और महेंद्र गंगवानी के बीच करीब एक सप्ताह पहले इंस्टाग्राम स्टोरी को लेकर विवाद हुआ था। मामला मारपीट तक पहुंचा और थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। हालांकि बाद में मामला शांत हो गया था।
रविवार रात रवि एक कार्यक्रम से लौट रहा था, तभी रामसागर पारा में उसकी मुलाकात महेंद्र गंगवानी से हो गई। दोनों के बीच फिर विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद महेंद्र ने अपने नाबालिग बेटे और अन्य साथियों के साथ मिलकर रवि पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपियों ने चाकू, लाठी और ईंट से रवि पर ताबड़तोड़ हमला किया। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से रवि लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे रवि के एक दोस्त को भी आरोपियों ने बुरी तरह पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात का वीडियो आसपास मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
हत्या की खबर फैलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया। गुस्साए लोगों ने आरोपियों के घर और वाहनों में तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, एक नाबालिग की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।



