रायपुर | राजधानी रायपुर में एक बार फिर हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। खमतराई थाना क्षेत्र स्थित WRS कॉलोनी के खुले मैदान में सोमवार सुबह एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। युवक की बेरहमी से हत्या की गई है। उसके सिर और चेहरे को किसी भारी वस्तु से कुचल दिया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह टहलने निकले लोगों ने मैदान में शव पड़ा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही खमतराई थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच, डॉग स्क्वायड और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अज्ञात आरोपियों ने युवक पर किसी भारी पत्थर या ठोस वस्तु से ताबड़तोड़ हमला किया। घटनास्थल पर भारी मात्रा में खून मिला है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या उसी स्थान पर की गई है।
मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। हालांकि पुलिस को युवक के दाहिने हाथ पर ‘RK सारथी’ नाम का टैटू मिला है, जो पहचान का महत्वपूर्ण सुराग माना जा रहा है। पुलिस आसपास के जिलों और थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान कर रही है।
हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जांच के लिए भेजा गया है। डॉग स्क्वायड की मदद से आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद, लूटपाट या अन्य व्यक्तिगत कारणों सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
घटना के बाद WRS कॉलोनी और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात के समय सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक की पहचान होते ही मामले के कई अहम पहलुओं से पर्दा उठ सकता है। तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है।



