छत्तीसगढ़

अमित शाह ने नवा रायपुर में किया विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण, 2,500 से अधिक पीपल के पेड़ बने आकर्षण..

रायपुर, 3 नवंबर 2026। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-16 में विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे। अमित शाह ने पार्क परिसर में पीपल का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया।

16 एकड़ में विकसित हुआ पार्क

लगभग 16 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस पार्क में अब तक 2,500 से अधिक पीपल और 500 से अधिक स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य नवा रायपुर को हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल आधुनिक शहर के रूप में विकसित करना है। साथ ही शहर को ‘पीपल सिटी’ के रूप में नई पहचान दिलाने की दिशा में भी प्रयास किया जा रहा है।

‘People for Peepal’ अभियान से जुड़ेगी जनभागीदारी

पार्क का विकास ‘People for Peepal’ अभियान के तहत किया गया है। इस अभियान का उद्देश्य केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को पौधों के संरक्षण, संवर्धन और नियमित देखभाल से जोड़ना भी है। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी के साथ जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है।

विकसित भारत के संकल्प का प्रतीक बनेगा पार्क

विकसित भारत संकल्प पार्क को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और राष्ट्र निर्माण के संदेश को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। यह पार्क आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत की परिकल्पना के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश देगा।

भारतीय संस्कृति में पीपल के वृक्ष का विशेष आध्यात्मिक और पर्यावरणीय महत्व है। इस पहल के जरिए पीपल के प्रति जनआस्था को प्रकृति संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, वन मंत्री केदार कश्यप, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

2

Back to top button