राज्य

ज्योतिबा फुले के समतामूलक समाज के सपने को साकार कर रही योगी सरकार, अभ्युदय योजना से युवाओं को मिल रहे सफलता के पंख

लखनऊ

महात्मा ज्योतिराव गोविंदराव फुले यानी ज्योतिबा फुले ने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां जातिवाद, छुआछूत और लैंगिक असमानता के लिए कोई जगह न हो। उनका मानना था कि व्यक्ति की पहचान उसके जन्म से नहीं, बल्कि उसकी प्रतिभा, योग्यता और कर्म से होनी चाहिए। शिक्षा को सामाजिक बदलाव और समानता का सबसे सशक्त माध्यम मानने वाले ज्योतिबा फुले का यह विचार आज भी प्रासंगिक है। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार भी शिक्षा के माध्यम से सामाजिक समानता और अवसरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। इसी सोच को धरातल पर उतारने वाली प्रमुख पहलों में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना शामिल है। इसके माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी युवाओं को बड़े शहरों में जाए बिना अपने ही जिले में प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क तैयारी का अवसर मिल रहा है।

शिक्षा को सामाजिक बदलाव का माध्यम बनाने की पहल

मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की शुरुआत 16 फरवरी 2021 को बसंत पंचमी के अवसर पर की गई थी। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी उपलब्ध कराना है। योजना के तहत संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी), उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी), नीट, जेईई, एनडीए, सीडीएस और एसएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निशुल्क कोचिंग और मार्गदर्शन दिया जा रहा है। पहले जहां आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण अनेक प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बड़े शहरों में महंगी कोचिंग में पढ़ने का अवसर नहीं मिल पाता था, वहीं अब सरकार ने उनके अपने जिले में ही तैयारी की व्यवस्था उपलब्ध कराई है। इस तरह अभ्युदय योजना केवल कोचिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शिक्षा के अवसरों में समानता लाने और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का माध्यम बन रही है।

157 केंद्रों पर हजारों युवाओं को मिल रहा मार्गदर्शन

समाज कल्याण विभाग के निदेशक संजीव सिंह ने बताया कि प्रदेश के सभी 75 जिलों में 157 अभ्युदय केंद्र संचालित हो रहे हैं। इन केंद्रों पर करीब 19,856 अभ्यर्थी नियमित रूप से निशुल्क कोचिंग प्राप्त कर रहे हैं। शुरुआत से अब तक 1.29 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं ऑफलाइन कोचिंग से शिक्षा हासिल कर चुके हैं। यहां विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और तैयारी के लिए आवश्यक शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराया जाता है। सरकार की इस पहल ने उन युवाओं के लिए आगे बढ़ने का रास्ता खोला है, जिनके सामने आर्थिक परिस्थितियां बड़ी चुनौती थीं। खास बात यह है कि योजना का लाभ प्रदेश के अलग-अलग जिलों के विद्यार्थियों तक पहुंच रहा है। 

सफलता की कहानियां बन रहीं दूसरे युवाओं की प्रेरणा

अभ्युदय योजना का प्रभाव इसके परिणामों में भी दिखाई दे रहा है। योजना के माध्यम से तैयारी करके अब तक 700 से अधिक अभ्यर्थी सिविल सेवा, पीसीएस, नीट, जेईई और अन्य सरकारी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर चुके हैं। वहीं, वर्ष 2024 से 2026 के बीच शीर्ष 10 अभ्युदय कोचिंग केंद्रों के 138 विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की है। योगी सरकार की कोशिश है कि किसी युवा की प्रतिभा आर्थिक अभाव के कारण पीछे न रह जाए।

Leave a Reply

2

Back to top button