कवर्धा : कवर्धा जिले के बोड़ला विकासखंड के शिक्षा अधिकारी दयाल सिंह को पुलिस ने दो अलग-अलग मामले में गिरफ्तार किया। बीईओ दयाल सिंह के खिलाफ ऑफिस की सहायक ग्रेड-2 की शिकायत पर पीछा करने व दुर्व्यवहार की एफआईआर दर्ज की गई है।
कल रविवार दोपहर 12:25 में बोड़ला थाने में बीईओ दयाल सिंह को तलब किया गया था। उनके खिलाफ दो मामले दर्ज थे। जमानती मामले होने के कारण महज 25 मिनट में उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया। मामला इस तरह है कि डीईओ कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 ने बीईओ के खिलाफ बदसलूकी करने और घर पहुंच कर महिलाओं से मातृत्व अवकाश स्वीकृत करने के नाम पर पांच हजार रुपये रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। शिक्षिका ने बोड़ला थाने में लिखित आवेदन देते हुए बताया था कि बीईओ दयाल सिंह ऑफिस की चाबी मांगने के बहाने पीछा करते हुए कवर्धा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित उनके घर तक पहुंच गए थे। साथ ही वह ऑफिस में भी उनसे गलत व्यवहार करते थे। जिससे वह असुरक्षित महसूस करती थी। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 121/23 धारा 354 डी के तहत मामला दर्ज किया था।
पत्रकार संघ ने FIR के लिए दिया आवेदन
बीइओ दयाल सिंह पर कवर्धा के पत्रकार प्रदीप गुप्ता को जान से मारने की धमकी दिए जाने को लेकर पत्रकार संघ ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कवर्धा एसपी कार्यालय में उक्त बीईओ के खिलाफ FIR की मांग की है. जिस पर उनके खिलाफ धारा 294 506 507 के तहत एफआईआर दर्ज किया गया है. स्कूलों में वितरण के लिए दिए गए पाठ्य पुस्तकों और अंकसूची को कबाड़ में बेचने के संबंध में मीडिया कर्मी प्रदीप गुप्ता ने उनका पक्ष जानने के लिए कॉल किया था, जिस पर मीडिया कर्मी के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी.



