बिलासपुर। जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम दर्दनाक हादसे में दो सगे भाइयों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चे अपने पिता के साथ तालाब के पास गए थे। इसी दौरान 4 वर्षीय छोटा भाई पानी में फिसलकर गहरे हिस्से में चला गया। उसे डूबता देख 7 वर्षीय बड़ा भाई बचाने के लिए तालाब में कूद गया, लेकिन वह भी गहरे पानी में डूब गया।
मृतकों की पहचान दीपू पैकरा (7 वर्ष) और चींटू पैकरा (4 वर्ष), निवासी चिल्हाटी, के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
तालाब किनारे खेलते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार चिल्हाटी निवासी किसान भक्त प्रहलाद पैकरा गुरुवार शाम अपने दोनों बेटों को लेकर तालाब के पास गए थे। बच्चे तालाब किनारे खेल रहे थे, जबकि पिता कुछ दूरी पर मोबाइल पर बात कर रहे थे।
इसी दौरान खेलते-खेलते 4 वर्षीय चींटू का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। छोटे भाई को पानी में डूबता देखकर 7 वर्षीय दीपू उसे बचाने के लिए तालाब में कूद गया। लेकिन पानी की गहराई अधिक होने के कारण दोनों बच्चे डूब गए।
ग्रामीणों ने तालाब से बाहर निकाला
इसी दौरान वहां मौजूद एक युवक की नजर पानी में डूब रहे दोनों बच्चों पर पड़ी। उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तालाब में उतरकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला।
परिजन और ग्रामीण दोनों बच्चों को तत्काल पचपेड़ी अस्पताल लेकर पहुंचे। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मस्तूरी अस्पताल रेफर किया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
एक साथ दो बेटों की मौत से परिवार में मातम
घटना की सूचना मिलते ही पचपेड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एक ही परिवार के दो मासूम भाइयों की दर्दनाक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।



