बिलासपुर। बिलासपुर रेंज में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सामने आई शिकायत के बाद IG रामगोपाल गर्ग ने बड़ा एक्शन लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गुरुग्राम गई पुलिस टीम पर नियमों की अनदेखी कर ट्रेन की जगह फ्लाइट से यात्रा करने और उसका खर्च प्रार्थी से वसूलने के आरोप लगे थे। जांच में वित्तीय अनियमितता और विभागीय नियमों के उल्लंघन की पुष्टि के बाद थाना प्रभारी समेत 8 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
मामला कटघोरा थाना क्षेत्र के कृष्णा जेसीबी कंपनी से जुड़े धोखाधड़ी और चोरी के प्रकरण का बताया जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 8 सदस्यीय पुलिस टीम को हरियाणा के गुरुग्राम भेजा गया था। आरोप है कि टीम ने निर्धारित प्रक्रिया के बजाय फ्लाइट से यात्रा की और टिकट का खर्च प्रार्थी से कराया गया।
इस मामले को लेकर प्रार्थी ने वरिष्ठ अधिकारियों से लिखित शिकायत की। शिकायत के बाद मामले की जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में वित्तीय अनियमितता, विभागीय नियमों की अनदेखी और पद के दुरुपयोग से संबंधित आरोपों की पुष्टि होने की बात सामने आई।
थाना प्रभारी से आरक्षक तक कार्रवाई
कार्रवाई की जद में कटघोरा के तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक मोती पटेल, उप निरीक्षक राम पाण्डेय, प्रधान आरक्षक गुनाराम सिन्हा, गोपाल यादव और राजेश कंवर, आरक्षक प्रदीप राठौर, सुशील यादव और प्रशांत सिंह शामिल हैं।
इन सभी को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में संबंधित पुलिसकर्मियों को नियमानुसार मुख्यालय से संबद्ध किया गया है।
विभागीय जांच अभी जारी
कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने निलंबन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की विभागीय जांच अभी जारी है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी वैधानिक और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हलचल है और पूरे मामले को लेकर विभागीय जांच के अगले चरण पर नजर बनी हुई है।



