भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर में 12वीं कक्षा की छात्रा की मौत से इलाके में शोक का माहौल है। बसंत नगर निवासी छात्रा का शव घर के बाथरूम में फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतका निहारिका महिलांगे पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल, भानुप्रतापपुर में कक्षा 12वीं की छात्रा थी। पुलिस के अनुसार, घटना बीती रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। परिजनों को जानकारी मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल छात्रा की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। घटना की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।



