रायपुर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और लोक परंपराओं को आज राष्ट्रीय मंच पर विशेष पहचान मिलने जा रही है। राष्ट्रपति भवन में बस्तर पंडुम 2026 के विजेताओं और प्रतिनिधिमंडल का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु विजेताओं को सम्मानित करेंगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहेंगे।
164 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल दिल्ली रवाना
बस्तर पंडुम 2026 के विजेता, लोक कलाकार और जनजातीय प्रतिनिधियों सहित 164 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल दिल्ली पहुंच चुका है। प्रतिनिधिमंडल आज राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष समारोह में शामिल होगा।
राष्ट्रीय मंच पर दिखेगी बस्तर की संस्कृति
समारोह में बस्तर की पारंपरिक कला, लोक संस्कृति, जनजातीय परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी। बस्तर पंडुम के विजेताओं के सम्मान के जरिए राज्य की लोक परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।
कार्यक्रम में बस्तर के लोक कलाकारों, पारंपरिक जनजातीय प्रतिनिधियों और पद्म पुरस्कार से सम्मानित हस्तियों के भी शामिल होने की जानकारी है।
राष्ट्रपति से सम्मान पाकर बढ़ेगा कलाकारों का उत्साह
राष्ट्रपति भवन में सम्मान मिलने से बस्तर के कलाकारों और सांस्कृतिक प्रतिभाओं का उत्साह बढ़ेगा। यह आयोजन देश के सामने छत्तीसगढ़ की आदिवासी संस्कृति और बस्तर की विशिष्ट लोक परंपराओं को प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
दिल्ली दौरे पर CM साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी राष्ट्रपति भवन के समारोह में शामिल होंगे। उनके दिल्ली दौरे के दौरान केंद्र सरकार के साथ राज्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों, विकास योजनाओं और केंद्र-राज्य समन्वय पर चर्चा होने की संभावना है। मुख्यमंत्री की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संभावित मुलाकात की भी चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।



