दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में 100 से अधिक स्कूलों में बम होने की धमकी भरे ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया है। इस खबर के बाद इन स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को छुट्टी देकर घर भेज दिया गया है। पुलिस स्कूलों में पहुंची है और जांच कर रही है। साथ ही दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ईमेल भेजने वाले के आईपी एड्रेस तलाशने में जुटी है। दिल्ली के उप राज्यपाल वीके सक्सेना ने पुलिस कमिशनर से बात कर मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। ये धमकी एक ही ई-मेल से भेजी गई है। यह ई-मेल रूसी सर्वर से सुबह 5:36 बजे भेजा गया है।
इन ईमेल में स्कूलों में बम रखे होने की बात कही गई थी। इसकी खबर जैसे ही स्कूलों को हुई तो हड़कंप मच गया। स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को जल्द से जल्द स्कूल से निकाल कर घर भेजा गया। पुलिस ने बच्चों के परिजनों से बिल्कुल भी नहीं घबराने की बात कही।
धकमी भरा ईमेल किस आईपी एड्रेस से भेजा गया और उसकी मंसा क्या थी, इसकी जांच दिल्ली पुलिस के द्वारा की जा रही है। दिल्ली और नोएडा के जिन स्कूलों को ये धमकी भरे ईमेल मिले हैं, उनमें डीपीएस, मदर मैरी, संस्कृत स्कूलों जैसे कई प्रतिष्ठित स्कूल शामिल है। दिल्ली की साइबर टीम आईपी एड्रेस तलाशने में जुटी हुई है। पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आखिर किस आईपी एड्रेस से मेल किया गया है।
दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी ने कहा है कि कुछ स्कूलों को बुधवार सुबह बम की धमकी मिली। छात्रों को घर भेजकर स्कूल परिसर की तलाशी की गई। लेकिन अभी तक किसी भी स्कूल में कुछ संदिग्ध नहीं मिला है। हम पुलिस और स्कूलों के संपर्क में हैं। सभी स्कूलों में दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता और दमकल की गाड़ियां और एम्बुलेंस पहुंच गई हैं। बम की तलाशी की जा रही है। साथ ही ईमेल भेजने वाले का भी पता लगाया जा रहा है।
100 स्कूलों को भेजा मेल- DPS द्वारका, DPS वसंत कुंज, DPS नोएडा, DPS रोहिणी, ग्रीन वैली नजफगढ़, DAV पीतमपुरा, मदर मैरी स्कूल मयूर विहार, संस्कृति स्कूल, DAV साउथ वेस्ट और एमिटी साकेत के नाम सामने आए हैं। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, 100 स्कूलों को धमकी भरा मेल भेजा गया है।



