छत्तीसगढ़

भाजपा नेत्री ने कारोबारी पर लगाया रेप और ब्लैकमेलिंग का आरोप..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रहने वाली एक भाजपा नेत्री ने झारखंड के रांची निवासी कारोबारी संजय सिंह पर दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का गंभीर आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के मुताबिक, करीब दो साल पहले दिल्ली में उसकी मुलाकात आरोपी कारोबारी से हुई थी। आरोपी ने खुद को बड़ा बिजनेसमैन बताते हुए माइनिंग कारोबार में निवेश कराने और मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा दिया। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं।

महिला का आरोप है कि कारोबारी ने भरोसे का फायदा उठाकर दिल्ली में उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी लगातार उसे ब्लैकमेल कर पैसों की मांग करता रहा। महिला ने बताया कि आरोपी ने अलग-अलग माध्यमों और आरटीजीएस के जरिए उससे करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपए लिए।

जब महिला ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने उल्टा उसे धमकाना और अवैध वसूली करना शुरू कर दिया। मानसिक रूप से परेशान होकर महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

फिलहाल पुलिस मोबाइल चैट, कॉल डिटेल्स और लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। आरोपी की तलाश में झारखंड में भी दबिश दी गई है, लेकिन अब तक वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Back to top button