छत्तीसगढ़

तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, छुट्‌टी के बाद लौट रहे CRPF जवान की हादसे में मौत..

बिलासपुर। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक CRPF जवान की मौत हो गई। वहीं, उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

CRPF जवान मनीष कुमार आदिले छुट्‌टी पर घर आया था। गुरुवार (18 दिसंबर) तड़के वो गुरु घासीदास जयंती समारोह मनाकर लौट रहा था। इस दौरान हादसे का शिकार हो गया। घटना जिले के तोरवा थाना क्षेत्र की है।

आसपास के लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।  सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया।  जबकि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे के बाद पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच में जुट गयी।  ड्राइवर की तलाश की जा रही है।

श्रीनगर में पोस्टिंग थी

जानकारी के मुताबिक, कोरबा जिले के हरदीबाजार के जोरहाडबरी निवासी मनीष कुमार आदिले CRPF के जवान थे। उनकी पोस्टिंग श्रीनगर में थी। पिछले दिनों वो छुट्टियों पर घर आए थे। उनका एक मकान बिलासपुर में भी है, जहां उनका परिवार रहता है।

बुधवार (17 दिसंबर) को गुरु घासीदास जयंती पर्व मनाने के लिए वो अपने गांव गए थे। उनके साथ उनका दोस्त उदय पाल भी था। दोनों बाइक में सवार होकर बिलासपुर आ रहे थे।

Leave a Reply

Back to top button