छत्तीसगढ़

CG- प्रमोशन पार्टी में पुलिसकर्मियों के बीच जमकर मारपीट..ASI पर किया जानलेवा हमला, हेड कांस्टेबल​ सस्पेंड..

भिलाई: जयंती स्टेडियम के समक्ष पुलिसकर्मियों में जमकर मारपीट हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि भिलाई नगर थाने में पोस्टेड एएसआई गुप्तेश्वर यादव के ऊपर जानलेवा हमला किया गया। गुप्तेश्वर को बचाने में आरक्षक अनिल गुप्ता भी घायल हो गए। दोनों को सेक्टर 9 हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। इस मामले में दुर्ग पुलिस कप्तान शलभ कुमार सिन्हा ने नगपुरा पुलिस चौकी थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक यशवंत ठाकुर को निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, भिलाई नगर थाने में प्रमोशन पाकर हवलदार बने दो सिपाहियों ने अपने सभी सहकर्मियों को बकरा और शराब की पार्टी दी थी। जिस वॉट्सऐप ग्रुप में पार्टी का निमंत्रण डाला गया उसमें नगपुरा चौकी में पदस्थ यशवंत ठाकुर भी था। पार्टी जयंती स्टेडियम के पास स्थित जंगलनुमा स्थान में दी गई थी। वहीं पर बकरा बना और जाम छलकाई गई। पार्टी का मैसेज देखकर यशवंत ठाकुर भी वहां पहुंच गया था। सभी ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर यशवंत ठाकुर और भिलाई नगर थाने के पेट्रोलिंग पार्टी में पदस्थ हवलदार प्रेम सिंह के बीच झगड़ा हो गया। दोनों के बीच धक्का-मुक्की होता देख एएसआई गुप्तेश्वर यादव वहां आ गए और दोनों के बीच समझौता कराया।

इसके बाद गुप्तेश्वर के कहने पर प्रेम सिंह ने यशवंत से माफी भी मांग ली, लेकिन यशवंत का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने अपने बेटों शिवम ठाकुर और विनीत ठाकुर को फोन कर दिया। पुलिस लाइन से एक स्कॉर्पियों और एक बुलेट में 8-10 लड़के आ गए। यशवंत के दोनों बेटों और उनके साथियों ने गुप्तेश्वर यादव पर जानलेवा हमला बोल दिया। गुप्तेश्वर यादव का कहना है कि उन लोगों ने उन्हें चाचा-चाचा बोलकर हाकी स्टिक और रॉड से बुरी तरह मारा। जिसमें अनिल गुप्ता के सिर में गहरी चोट आई है। उसे कई टांके सिर पर लगे हैं।

 

Back to top button