रायपुर। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के गांव में स्थित गद्दा फोम बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आगजनी की घटना में एक कर्मचारी की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसा बीती रात 8 बजे का बताया जा रहा है।
घटना मंदिर हसौद के कुटेशर गांव की है। बीते शुक्रवार की रात 8 बजे फोम बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आगजनी की इतनी भयावह थी कि कुछ ही देरी में पूरी फैक्ट्री जलकर खाक हो गई।
जिस समय आगजनी की घटना हुई, उस वक्त कुछ कर्मचारी फैक्ट्री के अंदर थे। फैक्ट्री में जैसे ही आग लगी तो कर्मचारियों ने बाहर निकल कर अपनी जान बचाई और इसकी सूचना पुलिस व दमकल की टीम को दी। इस घटना में एक कर्मचारी फैक्ट्री में ही फंस गया और उसकी जलकर दर्दनाक मौत हो गई। मृतक कर्मचारी का नाम त्रिलोचन ध्रुव (18 वर्ष) निवासी धमतरी था।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मंदिर हसौद पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में जुट गई। घंटो मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस की टीम ने जले हुये शव को फैक्ट्री के अंदर से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।आगजनी की इस घटना में फैक्ट्री पूरी तरह से जलकर खाक हो गई। हालांकि अभी ये पता नहीं चल पाया है कि आग कैसे लगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



