बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में धनतेरस के दिन एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से पिता और पुत्र की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से झुलस गई। घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है।
परिवार के तीन सदस्य आए करंट की चपेट में
जानकारी के अनुसार, घटना बलौदाबाजार के नेहरू चौक की है। यहां एक मकान के बाहर से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही है, जो घर से महज पांच फीट की दूरी पर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि राकेश गुप्ता सबसे पहले बिजली करंट की चपेट में आए। उन्हें बचाने के प्रयास में उनकी पत्नी वर्षा और बेटा ईशान भी करंट की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि पिता और पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से झुलस गई।
मां की हालत गंभीर, अस्पताल में उपचार जारी
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। घायल महिला को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घर के पास हाईटेंशन लाइन को लेकर उठे सवाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद घरों के नजदीक से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।



