बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में धनतेरस की सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। नेशनल हाईवे-30 पर सतनाम चौक के पास तेज रफ्तार कार ने कई वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला और एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तेज रफ्तार कार ने कई वाहनों को मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 3:30 से 4 बजे के बीच बेमेतरा-कवर्धा मार्ग पर हुआ। बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार कार ने पहले दो कारों और एक ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक मकान की दीवार से जा भिड़ी। हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
गिरौदपुरी धाम से लौट रहा था परिवार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक परिवार गिरौदपुरी धाम से दर्शन कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान उनकी कार हादसे की चपेट में आ गई। दुर्घटना में लक्की देशलहरे, निवासी बेमेतरा और ग्राम सोड़ की एक महिला की मौत हो गई। वहीं चार अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
नशे में वाहन चलाने की आशंका, जांच जारी
हादसे के बाद चालक के कथित रूप से नशे में होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।
धनतेरस के दिन हुए इस दर्दनाक हादसे से इलाके में शोक का माहौल है। एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे सामने आए हैं।



