रायपुर, 3 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 का आयोजन नवा रायपुर में उत्साह और उल्लास के साथ जारी है। तीन दिवसीय इस आयोजन में मुख्य मंच पर रोजाना शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हो रही हैं, जिनका दर्शक भरपूर आनंद ले रहे हैं। वहीं शिल्पग्राम, मीना बाजार और खाना खजाना जोन भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। राज्योत्सव स्थल पर परिवारों, युवाओं और बच्चों की बड़ी संख्या में मौजूदगी देखने को मिल रही है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गुलजार हुआ मुख्य मंच
राज्योत्सव के मुख्य मंच पर कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जा रहे हैं। इसके साथ ही मुख्य मंच के सामने बनाए गए मंच पर स्थानीय कलाकारों की संगीत प्रस्तुतियां भी लोगों को आकर्षित कर रही हैं। शिल्पग्राम की आकर्षक सजावट और वहां प्रदर्शित उत्पाद लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। यहां बनाए गए सेल्फी सेंटर के अलावा पूरे परिसर में लोग तस्वीरें लेते नजर आ रहे हैं।
खाना खजाना जोन में छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का स्वाद
राज्योत्सव का खाना खजाना जोन भी लोगों के लिए खास आकर्षण बना हुआ है। यहां किफायती कीमतों पर अलग-अलग तरह के व्यंजनों का स्वाद लिया जा सकता है। छत्तीसगढ़ी खानपान के शौकीनों के लिए फरा, चीला, चौसेला, मुंगौड़ी बड़ा और साबूदाना बड़ा जैसे पारंपरिक व्यंजन उपलब्ध हैं। इसके अलावा फास्ट फूड और अन्य नाश्ते की भी व्यवस्था की गई है।
खाना खजाना जोन में स्वच्छता और हाइजीन का ध्यान रखा जा रहा है। परिवार के साथ पहुंच रहे लोग यहां विभिन्न व्यंजनों का आनंद लेते दिखाई दे रहे हैं।
मीना बाजार में मनोरंजन की खास व्यवस्था
मीना बाजार में भी लोगों का उत्साह देखने को मिल रहा है। यहां मनोरंजन के लिए विभिन्न आकर्षण और गतिविधियां उपलब्ध हैं। मुख्य कार्यक्रम शुरू होने से पहले भी लोग मीना बाजार पहुंचकर समय बिता रहे हैं।
विभागीय स्टॉल में योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी
राज्योत्सव में लगाए गए विभागीय स्टॉल भी लोगों को शासन की योजनाओं, विभागीय गतिविधियों और उपलब्धियों से परिचित करा रहे हैं। विभिन्न विभागों ने अपनी योजनाओं और नवाचारों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया है। कहीं तकनीक और नए प्रयोगों की जानकारी दी जा रही है, तो कहीं जनकल्याणकारी योजनाओं को सरल तरीके से समझाया जा रहा है।
आयोजन में खनिज संसाधन, खेल एवं युवा कल्याण, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, जनसंपर्क, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन, आवास एवं पर्यावरण, संस्कृति एवं पर्यटन, श्रम, वन एवं जलवायु परिवर्तन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक निर्माण, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, ऊर्जा, सहकारिता, स्वास्थ्य और खाद्य विभाग सहित कई विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं।
इसके साथ ही चिप्स, बालको, एसईसीएल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, एनटीपीसी, बीएसएनएल, भिलाई स्टील प्लांट, जिंदल स्टील, एनएमडीसी और अन्य संस्थानों ने भी अपनी गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए हैं।
राज्योत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पारंपरिक शिल्प, खानपान, मनोरंजन और विभागीय प्रदर्शनियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की विविधता और विकास से जुड़ी गतिविधियों को एक ही परिसर में देखने का अवसर मिल रहा है।



