रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में गणेश विसर्जन के बाद लापता हुए 22 वर्षीय युवक का शव मांड नदी में मिला है। मंगलवार को बंगरसुता पुल के पास नदी की झाड़ियों में शव दिखाई देने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों ने शव की पहचान कुड़ेकेला निवासी ओम राठिया के रूप में की है। युवक करीब दो दिनों से लापता था।
विसर्जन के बाद घर लौटा, फिर अचानक हुआ लापता
मिली जानकारी के अनुसार, ओम राठिया रविवार शाम दोस्तों और ग्रामीणों के साथ गणेश विसर्जन कार्यक्रम में शामिल हुआ था। विसर्जन के बाद वह घर लौट आया, लेकिन कुछ देर बाद बिना किसी को बताए दोबारा बाहर निकल गया।
देर रात तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
नदी की झाड़ियों में मिला शव
मंगलवार को ग्रामीणों ने बंगरसुता पुल के पास मांड नदी की झाड़ियों में एक शव देखा। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान ओम राठिया के रूप में की। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस और FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही छाल पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत मर्ग कायम किया है। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेज दिया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
प्रारंभिक तौर पर युवक की नदी में डूबने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वह नदी तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।



