रायपुर। मुजगहन थाना क्षेत्र के स्वागत विहार कॉलोनी के पास 23 जुलाई को पानी से भरी जमीन में मिले महिला के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में डीके साहू नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने वारदात से पहले महिला की करीब 2-3 दिन तक रेकी की थी। काम को लेकर महिला से उसकी अनबन भी हुई थी। घटना वाले दिन आरोपी ने सुनसान रास्ते में महिला पर हमला किया और जबरदस्ती करने की कोशिश की। महिला के विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस का आरोप है कि इसके बाद आरोपी महिला के शव को सुनसान इलाके में ले गया और उसके साथ भी दुष्कर्म की कोशिश की। बाद में शव को पानी में फेंककर फरार हो गया।
जांच के दौरान आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि भी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, वह पहले दुष्कर्म के एक मामले में POCSO एक्ट के तहत 10 साल की सजा काट चुका है। उसकी मानसिक स्थिति की भी जांच कराई जा रही है।
पुलिस के सामने आरोपी तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि वह मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करता था और घटनास्थल के आसपास CCTV कैमरे भी नहीं थे। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की आगे जांच कर रही है।



