अंबिकापुर। ग्राम पंचायत चीताबहार में सामुदायिक शौचालय निर्माण की राशि में कथित वित्तीय अनियमितता के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। जिस पंचायत के सरपंच पर गड़बड़ी के आरोप लगाए गए थे, उसे छोड़कर दूसरे ग्राम पंचायत के सरपंच को गिरफ्तार किए जाने का मामला सामने आने के बाद सरपंच संघ ने मोर्चा खोल दिया।
सरगुजा जिला सरपंच संघ के अध्यक्ष जय सिंह कुरूम के नेतृत्व में जिले के सातों ब्लॉक के सरपंच अंबिकापुर पहुंचे और रैली निकालकर कलेक्टोरेट का घेराव किया। प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर अजीत वसंत से मुलाकात कर पूरे मामले की शिकायत की और जनपद पंचायत अंबिकापुर के सीईओ को हटाने की मांग रखी।
जिस सरपंच का गबन से लेना-देना नहीं, उसी की हुई गिरफ्तारी
मामला वर्ष 2021-22 में ग्राम पंचायत चीताबहार में सामुदायिक शौचालय निर्माण की राशि में कथित वित्तीय अनियमितता से जुड़ा है। आरोप है कि इस मामले में चीताबहार पंचायत के सरपंच को जिम्मेदार ठहराया गया था। इसके बावजूद पुलिस ने सरईटिकरा के सरपंच रामसाय मिंज को गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट में पेश कर दिया।
रामसाय मिंज सरपंच संघ अंबिकापुर के अध्यक्ष भी हैं। गिरफ्तारी के बाद सरपंच संघ और राजनीतिक स्तर पर विरोध शुरू हो गया।
बाद में सीईओ ने ही दी सफाई
मामले में नया मोड़ तब आया जब जनपद पंचायत सीईओ ने एसडीएम को अलग पत्र जारी कर स्पष्ट किया कि सरईटिकरा के सरपंच रामसाय मिंज का कथित गबन से कोई संबंध नहीं है। इसके बाद सरपंच संघ ने कार्रवाई को लेकर सवाल उठाते हुए जनपद सीईओ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
सात दिन की मोहलत, मांग नहीं मानी तो आंदोलन
सरपंच संघ ने जनपद पंचायत अंबिकापुर के सीईओ को हटाने की मांग करते हुए जिला प्रशासन को सात दिन का समय दिया है। संघ ने चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर जिलेभर के सरपंच जनपद पंचायत कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन करेंगे।
सरपंचों का कहना है कि अनुसूचित क्षेत्र में आदिवासी सरपंचों के साथ इस तरह की कार्रवाई से उनके बीच असुरक्षा का माहौल बन रहा है।
कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश
मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर अजीत वसंत ने पूरे प्रकरण की जांच जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल को सौंपी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, दूसरे पंचायत के सरपंच को कथित गबन के मामले में आरोपी बनाकर पुलिस के जरिए कोर्ट में पेश किए जाने को लेकर जनपद पंचायत अंबिकापुर के सीईओ को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है।



