छत्तीसगढ़

CG News: 2024 बैच के IFS अधिकारियों को मिली पहली जिम्मेदारी, वन विभाग ने जारी किए पदस्थापना आदेश..

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने भारतीय वन सेवा (IFS) के वर्ष 2024 बैच के प्रोबेशनर अधिकारियों को बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए उनकी पहली पदस्थापना (First Posting) जारी कर दी है। प्रोबेशन अवधि सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने पांचों अधिकारियों को उप वनमंडलाधिकारी (SDOF) के पद पर नियुक्त किया है। इस संबंध में विभाग ने आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिया है।

जारी आदेश के अनुसार युवा आईएफएस अधिकारियों को प्रदेश के विभिन्न वनमंडलों में तैनात किया गया है। इनमें कुणाल मिश्रा को सरगुजा, मृगजा जालिंदर यादव को कटघोरा, परख सारडा को सुकमा, प्रीति यादव को नारायणपुर और यशस्वी मौर्या को राजनांदगांव वनमंडल में पदस्थ किया गया है।

इन अधिकारियों की नियुक्ति ऐसे वन क्षेत्रों में की गई है, जहां वन संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन, वन्यजीव संरक्षण और स्थानीय समुदायों के साथ समन्वय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी रहेगी। विभाग को उम्मीद है कि नई ऊर्जा और आधुनिक प्रशिक्षण के साथ ये अधिकारी वन प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाएंगे।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार सभी नवपदस्थ आईएफएस अधिकारियों को जल्द से जल्द अपने-अपने कार्यक्षेत्र में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। इनकी नियुक्ति से प्रदेश में वन संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Back to top button