बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में इंडियन ओवरसीज बैंक की गस्ती चौक शाखा में हुए 14.56 करोड़ रुपये के बहुचर्चित घोटाले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी और तत्कालीन शाखा प्रबंधक विनीत दास को तमिलनाडु के तंजावुर से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने बताया कि यह मामला वर्ष 2022 का है। बैंक के नए शाखा प्रबंधक रज्जू पाटनवार की शिकायत और आंतरिक जांच के बाद आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और आपराधिक साजिश की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
जांच में सामने आया कि आरोपी बैंक प्रबंधक ने कुछ बिचौलियों के साथ मिलकर फर्जी जीएसटी नंबर, जाली हस्ताक्षर और बिना वैध दस्तावेजों के करीब 180 खातों में वित्तीय अनियमितताएं कीं, जिससे बैंक को 14.56 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
इस मामले में शामिल चार बिचौलियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब मुख्य आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर बेमेतरा लाया गया है। पुलिस मामले में अन्य संभावित आरोपियों और वित्तीय लेनदेन की जांच आगे बढ़ा रही है।



