कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के टीपी नगर में एक 24 वर्षीय युवक का शव किराए के कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान रोहन उर्फ अमन श्रीवास के रूप में हुई है। वह बरपाली का रहने वाला था और टीपी नगर स्थित Trendz Studio Salon में काम करता था। घटना सीएसईबी चौकी क्षेत्र की है।
देर रात पिता से फोन पर हुई थी बात
परिजनों के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 9 बजे रोहन ने अपने पिता से सामान्य बातचीत की थी। इसके बाद रात करीब 2:30 बजे उसने दोबारा पिता को फोन किया। इस दौरान वह काफी रो रहा था और उसने पिता से कहा कि “मां मुझसे नाराज हैं।” कुछ देर बातचीत के बाद उसने फोन काट दिया।
सुबह फोन नहीं उठाया, कमरे में मिला शव
शुक्रवार सुबह परिजनों ने रोहन को कई बार फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं की। अनहोनी की आशंका के चलते परिवार के लोग उसके किराए के कमरे पर पहुंचे। वहां रोहन का शव फंदे से लटका मिला।
सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
सीएसईबी चौकी प्रभारी राजेश तिवारी के अनुसार, युवक की मौत के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
रोहन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिवार में उसकी एक बहन भी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



