बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के गुंडरदेही थाना क्षेत्र से पिता-पुत्री के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि 37 वर्षीय पिता ने अपनी 14 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ करीब एक साल तक दुष्कर्म किया। आरोपी पिता बेटी को जान से मारने की धमकी देकर चुप रहने के लिए मजबूर करता रहा।
पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर अपनी मां को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मां अपनी बेटी को लेकर गुंडरदेही थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया गया।



