दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। चरित्र पर शक के चलते एक पूर्व सरपंच ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर गला काटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी शव को घर के पीछे फेंककर फरार हो गया। करीब छह दिन बाद शव से दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस के अनुसार, मृतका झुमकी कुंजाम (35) अपने पति लक्ष्मण कुंजाम (36) के साथ रहती थी। आरोपी पूर्व सरपंच रह चुका है। पुलिस का कहना है कि पति को लंबे समय से पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
बताया जा रहा है कि 17 जुलाई को दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। आरोपी शराब के नशे में था। इसी दौरान उसने घर में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से पत्नी पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को घर के पीछे फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।
जब कई दिनों तक शव पड़ा रहने से उसमें सड़न शुरू हुई और बदबू फैलने लगी, तब ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू की। घटना के बाद से फरार आरोपी की तलाश करते हुए पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।



