छत्तीसगढ़

बलरामपुर में रिश्तों का खौफनाक अंत: पोते ने दादा की हत्या की..

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के चांदो थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। ग्राम नावाडीह में रोजगार को लेकर हुई कहासुनी के बाद 20 वर्षीय युवक ने अपने ही 64 वर्षीय दादा की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस के अनुसार, मृतक भुनेश्वर केरकेट्टा अपने पोते अरुण को रोजगार की तलाश करने और कामकाज पर ध्यान देने की सलाह दे रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

बताया जा रहा है कि गुस्से में आरोपी युवक ने घर में रखे बसूले से दादा के सिर और गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना ने पारिवारिक रिश्तों में बढ़ती संवेदनहीनता और गुस्से के गंभीर परिणामों पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Back to top button