छत्तीसगढ़

रायपुर के कारोबारी जगत को बड़ा झटका, अजय निहलानी नहीं रहे..

रायपुर। राजधानी रायपुर के प्रसिद्ध इंटीरियर डिजाइनर अजय सुंदर निहलानी का पुर्तगाल में हृदयाघात से निधन हो गया। इस दुखद खबर से परिवार, मित्रों और शहर के कारोबारी वर्ग में शोक की लहर फैल गई है। बताया जा रहा है कि अजय निहलानी करीब 40 लोगों के समूह के साथ यूरोप भ्रमण पर गए थे। इसी दौरान पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन में उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई।

परिजनों के मुताबिक, सीने में दर्द और तबीयत खराब होने के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। अजय निहलानी रायपुर के शैलेन्द्र नगर क्षेत्र के निवासी थे और इंटीरियर डिजाइनिंग के क्षेत्र में एक जाना-पहचाना नाम थे।

पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दिवंगत के भाई संजय कुमार निहलानी ने इस संबंध में अधिकृत पत्र जारी कर नीरज बाजपेयी को परिवार का प्रतिनिधि नियुक्त किया है। नीरज बाजपेयी अजय निहलानी के साथ विदेश यात्रा पर मौजूद थे और मेडिकल इमरजेंसी के दौरान उनके साथ ही थे।

उन्हें पुर्तगाल में पार्थिव शरीर की पहचान, जरूरी दस्तावेजी कार्रवाई, अस्पताल और वाणिज्य दूतावास से समन्वय, एयरलाइन प्रक्रिया और भारत तक पार्थिव शरीर लाने की सभी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। परिवार ने पुर्तगाल प्रशासन, भारतीय दूतावास और संबंधित एजेंसियों से सहयोग की अपील की है, ताकि अंतिम संस्कार के लिए पार्थिव शरीर जल्द रायपुर लाया जा सके।

Leave a Reply

Back to top button