भिलाई। नगर पालिक निगम रिसाली के वार्ड-16 बीआरपी कॉलोनी के पार्षद विनय नेताम को संभागायुक्त ने पद से बर्खास्त कर दिया है। यह कार्रवाई आधार केंद्र में तोड़फोड़, शासकीय कार्य में बाधा और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोपों के बाद की गई।
संभागायुक्त एसएन राठौर ने निगम आयुक्त की रिपोर्ट और विस्तृत जांच प्रतिवेदन के आधार पर छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम अधिनियम 1996 की धारा 19(1)(अ) के तहत यह बड़ा फैसला लिया।
जांच में सामने आया कि 19 मार्च 2026 को विनय नेताम ने रिसाली निगम मुख्यालय परिसर स्थित आधार कक्ष में घुसकर तोड़फोड़ की, कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और सरकारी कामकाज में बाधा पहुंचाई। मामले की सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के दस्तावेज, साक्ष्य और तर्कों का परीक्षण किया गया, जिसके बाद आरोप प्रमाणित पाए गए।
कार्रवाई के बाद निगम और राजनीतिक गलियारों में इस फैसले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।



