धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के वनांचल क्षेत्र में तेंदुए के हमले से एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। कोरमुड़ गांव निवासी 55 वर्षीय चौथराम मंडावी का क्षत-विक्षत शव बुधवार सुबह पहाड़ी इलाके में मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार चौथराम मंडावी मंगलवार शाम घर से शौच के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। बुधवार सुबह पहाड़ी क्षेत्र में उनका शव क्षत-विक्षत हालत में मिला। मृतक का एक हाथ और एक पैर गायब था, जबकि शरीर पर गहरे घाव के निशान मिले हैं। घटनास्थल पर शव को घसीटकर ले जाने के निशान भी दिखाई दिए।
ग्रामीणों का मानना है कि तेंदुए ने अकेले मिले चौथराम मंडावी पर हमला किया होगा। कोरमुड़ गांव घने जंगल और पहाड़ियों से घिरा हुआ है, जहां अक्सर तेंदुए और भालू जैसे वन्यजीव देखे जाते हैं। भीषण गर्मी के चलते पानी और शिकार की कमी के कारण वन्यजीव गांवों की ओर पहुंच रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि यह इलाके में तेंदुए के हमले की पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी एक मासूम बच्चे को तेंदुआ अपना शिकार बना चुका है। लगातार हो रही घटनाओं से गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं ग्रामीणों ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने और वन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।



