दुर्ग। जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। खाना नहीं बनाने की बात से नाराज बेटे ने अपनी ही मां की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता मनीष पटेल ने जेवरा सिरसा चौकी में सूचना दी कि उसकी बुआ घर में खून से लथपथ हालत में पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने महिला के सिर, माथे, हाथ, छाती और पेट पर डंडे से बेरहमी से हमला किया था, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतिका का पोस्टमार्टम चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज में कराया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर चोटों को मौत का कारण बताया।
पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतिका के बेटे अश्वनी पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि मां द्वारा खाना नहीं बनाने से नाराज होकर उसने डंडे से हमला किया था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।



